News
28 Apr, 2026
जनगणना प्रशिक्षुओं के खाने में मिले कीड़े, नाराज ट्रेनीज ने थालियां फेंक किया प्रदर्शन
लखनऊ में जनगणना प्रशिक्षुओं के लिए कूड़ेवाली गाड़ी में भोजन लाए जाने का मामला अभी गर्म ही है। इसी बीच यहां भी निम्न स्तर का भोजन देने पर बवंडर मच गया। बताया जाता है कि 200 से अधिक प्रगणक व सुपरवाइजरों के लिए लाए गए भोजन में कीड़ा निकल आया।
यह देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज प्रशिक्षार्थियों ने भोजन को फेकवा दिया और परिसर में ही प्रदर्शन किया। इतनी बड़ी घटना के बावजूद महराजगंज के एसडीएम प्रकरण से अंजान बने रहे।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय व आरडीआरके पब्लिक स्कूल में 200 से अधिक प्रगणक व सुपरवाइजर को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षुओं ने बताया कि सोमवार की सुबह नाश्ते में उन्हें पांच रुपये वाला एक-एक बिस्कुट और चाय दी गई। दोपहर में भोजन की थाली में दाल, सूखी सब्जी, चावल सलाद और अचार दिया गया।
खाने से आई तेज दुर्गंध
थाली का ढक्कन हटाते ही खाने से तेज दुर्गंध आने लगी। ध्यान से देखा गया तो भोजन में कीड़े रेंग रहे थे। यह नजारा देख सभी ने भोजन फेंक दिया। प्रशिक्षण ले रहे विशाल तिवारी, नितिन, प्रीतू सिंह अनुसुइया वर्मा, जयंती देवी, एजाज अहमद, देवेंद्र प्रताप सिंह, आलोक कुमार, संतोष कुमार, दिनेश कुमार वर्मा, विश्वनाथ प्रताप दुबे, दिनेश सिंह ने बताया कि सड़ा हुआ बासी भोजन दिया गया है।
मामले में महराजगंज के उप जिलाधिकारी गौतम प्रकाश का कहना है की उन्हें जानकारी ही नहीं है। वह तहसीलदार से बात कर रहे हैं, यदि खराब भोजन दिया गया है तो जांच कराई जाएगी।